मथुरा जंक्शन पर ट्रेन के दिव्यांग कोच में चढ़ते लोग।
- फोटो : mathura
मथुरा। प्रयागराज में महाकुंभ का आयोजन इस बार 13 जनवरी से 29 फरवरी 2025 तक होना है। इस बीच मथुरा जंक्शन होते हुए प्रयागराज जाने तक जाने वाली ट्रेनों में श्रद्धालु सीट अभी से बुक करा रहे हैं। उन्हें वर्तमान में कंफर्म सीट नहीं मिल रही है। ऐसे में यात्रियों को परेशानी के बीच सफर करना पड़ेगा।
जंक्शन से प्रयागराज तक चार ट्रेनों का प्रमुख संचालन होता है। सप्ताह में अलग-अलग दिन ये ट्रेनें मथुरा से होकर गुजरती हैं। शनिवार को रिजर्वेशन कर्मचारी अनिल कुमार ने बताया कि कुंभ स्नान के लिए लोग सीट बुकिंग करा रहे हैं। स्लीपर कोच में 110 से अधिक वेटिंग और एसी कोच में 40 से अधिक वेटिंग है। सर्दी में यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। ट्रेनों में तेजी से सीट बुकिंग शुरू हो गई है।
दरअसल, दिसंबर से फरवरी तक कोहरे के कारण रेलवे काफी संख्या में ट्रेनों के निरस्तीकरण की घोषणा कर चुका है। ऐसे में जो ट्रेनें चल रही हैं उन पर भी दबाव बढ़ गया है। जंक्शन से सप्ताह में चार दिन चलने वाली गाड़ी संख्या 20404 बीकानेर-प्रयागराज सुपर फास्ट में सीट फुल हैं। इसमें स्लीपर में 70 और एसी में 20 की वेटिंग बनी है। गाड़ी संख्या 12320 कोलकाता एक्सप्रेस में स्लीपर में 110 और एसी में 35 की वेटिंग चल रही है। यह ट्रेन सप्ताह बृहस्पतिवार को जंक्शन से गुजरती है।
04124 प्रयागराज एक्सप्रेस सोमवार और बृहस्पतिवार को संचालित होती है। इसमें भी 60 से अधिक स्लीपर में वेटिंग बनी हुई है। 12404 प्रयागराज सुपरफास्ट सप्ताह में चार दिन जाती है, लेकिन 13 जनवरी के लिए ही अभी से ही लोगों ने सीट बुक करा ली है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि महाकुंभ को लेकर तैयारियां रेलवे ने कर ली है। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त स्टाफ भी तैनात किया जाएगा। वहीं विशेष ट्रेनों के संचालन को लेकर तैयारी चल रही है।
वर्जन
अभी दो ट्रेनें आगरा से प्रयागराज जा रही हैं। मथुरा जंक्शन होते हुए विशेष ट्रेनों के संचालन की तैयारी की जा रही है। जिससे महाकुंभ पर स्नान के लिए जाने वाले लोगों को परेशानी नहीं हो।
- प्रशस्ति श्रीवास्तव, पीआरओ रेलवे आगरा