मथुरा। 33 साल पुराने एक मुकदमे में सीजेएम न्यायालय लखनऊ ने कांग्रेसियों के गैर जमानती वारंट जारी किए हैं। हजरतगंज थाने से उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रदेश भर में टीमें गई हैं। इसमें मथुरा के भी कुछ कांग्रेसी शामिल हैं। बृहस्पतिवार को मथुरा में भी लखनऊ पुलिस ने दबिश दी। पूरे दिन कांग्रेसियों में इसकी चर्चा रही।
महंगाई के विरोध में प्रदेश व्यापी अभियान के तहत वर्ष 1991 में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालते हुए प्रदर्शन किया था। मामले में कांग्रेसियों के विरुद्ध हजरतगंज थाने में बलवा का मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में सुनवाई करते अब सीजेएम न्यायालय लखनऊ में हो रही है।
अब तक न्यायालय में पेश न होने पर सभी आरोपियों के गैर जमानती वारंट न्यायालय ने जारी किए हैं। ऐसे में हजरतगंज थाने से पुलिस की टीमें वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों में गई हैं। मुकदमे में मथुरा के भी पुराने कांग्रेसी शामिल थे, इसके चलते मथुरा में भी लखनऊ पुलिस ने दस्तक दी। बृहस्पतिवार की दोपहर चौक बाजार स्थित घी का कटरा निवासी कांग्रेसी हरीश गर्ग के यहां पुलिस ने दबिश दी। हालांकि वह घर पर नहीं मिले, जिसके बाद पुलिस वापस लौट गई।