मथुरा के थाना राया के एक कस्बे में किशोरी को बहला-फुसला कर ले जाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर लोगों ने नारेबाजी की। पुलिस ने लोगों को समझा बुझा कर मामला शांत कराया।
बता दें कि सोमवार सुबह दूसरे समुदाय का एक युवक किशोरी को दो लाख रुपये और सोने- चांदी के आभूषण के साथ बहला-फुसला कर ले गया था। आरोप है कि युवक ने पहले अपना धर्म छिपाकर किशोरी के घर आना-जाना शुरू कर दिया था। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया।
मामले में दो युवकों के खिलाफ थाना राया में लव जिहाद की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने गुरुवार को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही सीओ महावन आरती सिंह, प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह, कस्बा प्रभारी अजय अवाना मयफोर्स के साथ पहुंच गए और लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
पुलिस ने बताया कि घटना का मुख्य आरोपी आशु उर्फ आसिफ को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार शाम भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश बंसल, विश्व हिंदू महासंघ अध्यक्ष गौरव शर्मा, मनोज उपाध्याय, मोहित अग्रवाल, हरिमोहन सोलंकी, कपिल अग्रवाल आदि थाना राया पहुंचे और पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।