मथुरा। वैश्विक संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देशवासियों से सोना न खरीदने की अपील का असर जिले के सराफा बाजार पर दिखने लगा है। बाजार में अचानक सुस्ती छा गई है और दुकानों से ग्राहक नदारद हैं। आलम यह है कि सहालग (शादियों के सीजन) के ऐन वक्त पर ग्राहकों ने पुराने ऑर्डर कैंसिल करना शुरू कर दिया है।
बाजार में जो इक्का-दुक्का लोग दुकानों पर पहुंच भी रहे हैं, वे खरीदारी के बजाय केवल सोने का भाव या जानकारी लेकर लौट रहे हैं। व्यापारियों का मानना है कि सोने की आसमान छूती कीमतों ने पहले ही आम आदमी की जेब पर दबाव बना रखा था, अब सरकारी अपील के बाद लोगों ने निवेश और खरीदारी को पूरी तरह टाल दिया है। ग्राहकों के मन में यह धारणा है कि आने वाले दिनों में सोने के दाम गिर सकते हैं।
पुश्तैनी कारोबारियों का कहना है कि अगर बाजार में यही स्थिति रही, तो छोटे दुकानदार सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे।
बाजार में पूरी तरह सन्नाटा छाया है। सहालग के ऑर्डर कैंसिल हो रहे हैं। सोने के गहने तैयार करने की जो पूरी चेन है, कारीगर से लेकर सप्लायर तक सब पर इसका गहरा असर पड़ेगा। -अक्षय कृष्ण गर्ग, एके ज्वेलर्स
खपत में भारी कमी आएगी, सोना महंगा होने से लोग पहले ही कम खरीदारी कर रहे थे, पीएम के बयान के बाद लोग अब भाव कम होने के इंतजार में वेट एंड वॉच की स्थिति में हैं। - रूप कृष्ण, गोपाल ज्वेलर्स
मोदी जी की अपील थोड़ी देरी से आई है, लेकिन ये अच्छी पहल है, हमारे यहां शादी है। पीएम ये बात पहले कहते तो हम खरीदारी नहीं करते। - विवेक कुमार
पहले 22 कैरेट का सोना लेते थे, अब लोग 18 कैरेट में भी डील कर रहे हैं। सोना नहीं लेंगे तो शादियां कैसे होंगी। बेटी विदा कैसे करेंगे। - आदर्श चौधरी