बरसाना। जमीन के विवाद में पेट्रोल पंप संचालक और अधिवक्ता दिवाकर शर्मा के साथ हुए वारदात के बाद बरसाना क्षेत्र के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को चतुर्भुजी आश्रम में आयोजित पंचायत में ग्रामीणों ने घटना के विरोध में एकजुट होकर पूर्व चेयरमैन और उनके साथियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। वहीं व्यापार मंडल की अपील पर कुछ व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों के शटर बंद रखकर विरोध जताया।
पूर्व प्रधान हरगोविंद शर्मा की अध्यक्षता में हुई पंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीण, व्यापारी और विभिन्न संगठनों के लोग शामिल हुए। लोगों ने एक सुर में कहा कि पिछले कई दशकों से बरसाना क्षेत्र में ऐसी घटना नहीं हुई। इस प्रकार की दबंगई दिखाकर भय का माहौल बनाने की कोशिश निंदनीय है। व्यापार मंडल की अपील पर कई व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों को बंद रखकर विरोध जताया।
भाजपा के जिला मंत्री रणवीर ठाकुर ने थाना प्रभारी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मौके से पकड़े जाने के बाद भी एक आरोपी को कोर्ट में पेश नहीं किया गया। पंचायत में पूर्व सभासद लक्ष्मण सिंह, हंडू ठाकुर, गोकुलेश कटारा, सुनील सिंह ब्रजदास, भाजपा नेता प्रेम श्रोत्रिय, लखन ठाकुर, राधाचरण प्रधान, रूपचंद मास्टर, भगवान दास गोस्वामी, ब्राह्मण समाज अध्यक्ष कैलाश चन्द्र गौड़, पूर्व जेल विजिटर लक्ष्मण प्रसाद शर्मा आदि मौजूद रहे।