मथुरा। राया थाने में हिरासत में बैठा कानूनगो।
- फोटो : mathura
मथुरा। एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार को सदर तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) नरेंद्र सिंह तरकर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पति की मौत के बाद जमीन पत्नी के नाम करने के बदले घूस मांगी गई थी। टीम ने राया थाने में कानूनगो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
असगरपुर सतोहा निवासी कॉन्तेय सिंह और मुरारी ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी। कॉन्तेय ने बताया है कि क्षेत्र की रहने वाली महिला मीना ने पति की मृत्यु के बाद जमीन अपने नाम कराने के लिए मदद मांगी थी। इसके बाद वह महिला के जेठ मुरारी को साथ लेकर सदर तहसील पहुंचे थे। यहां कानूनगो नरेंद्र सिंह ने महिला के नाम जमीन करने पर दो लाख रुपये की मांग की थी। इसके बाद पैसे का इंतजाम करने की बात कहकर दोनों वहां से चले गए।
इसी बीच कॉन्तेय व मुरारी ने एंटी करप्शन टीम से 26 मई को घूस मांगने की शिकायत की। टीम ने कानूनगो को टैप करना शुरू कर दिया। शुक्रवार को दोनों 50 हजार रुपये लेकर कानूनगो के दफ्तर पहुंचे। मुरारी ने जैसे ही 50 हजार रुपये निकालकर कानूनगो को थमाए उसी वक्त टीम ने दबोच लिया। इसके बाद रकम अपने कब्जे में ले ली। टीम कानूनगो को महावन थाने ले गई। फिर राया थाना ले आई। यहां उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके बाद टीम अपने साथ आगरा ले गई।
एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कानूनगो नरेंद्र सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। हालांकि कानूनगो को कोर्ट में पेश करने के लिए टीम अपने साथ ले गई है।
तीन किस्तों में मांगी थी रकम
कॉन्तेय सिंह ने बताया है कि जमीन नाम कराने के लिए महिला को गहने गिरवी रखने पड़े। इसके बाद उन्होंने 50 हजार रुपये का इंतजाम किया था। साथ ही कुछ पैसे उधार भी लिए थे। कानूनगो ने महिला के जेठ व कॉन्तेय से तीन किस्तों में दो लाख रुपये की रकम मांगी थी।