रेवतीरमण स्थित आश्रम में लठामार होली का दृश्य
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के मथुरा की होली विश्व प्रसिद्ध हैं। यहां होली की तैयारियां पूरी हो गई हैं। देश-विदेश से श्रद्धालु भी पहुंच रहे हैं। यहां बरसाना की लठामार होली की सुरक्षा 2765 पुलिस और पीएसी के जवान करेंगे। यह रविवार की शाम से सुरक्षा में तैनात हो जाएंगे। साथ ही बरसाना की तरफ जाने वाले भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं के वाहन केवल पार्किंग तक ही पहुंच सकेंगे।
इसके बाद ही श्रद्धालु पैदल राधारानी के दर्शन कर सकेंगे। 28 फरवरी को बरसाना में लठामार होली खेली जाएगी। इस होली को देखने के लिए देश और विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं। इन श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसके लिए सुरक्षा के चाक-चौबंद प्रबंध किए जाते हैं। आगरा, झांसी, कानपुर, अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर जोन से करीब 2765 पुलिस और पीएसी के जवानों के कंधों पर सुरक्षा का भार रहेगा।
श्रद्धालुओं का सहयोग भी करेंगे
यहां तैनात जवान चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रहेंगे। यह सुरक्षा के साथ-साथ श्रद्धालुओं का सहयोग भी करते दिखेंगे। इससे पूर्व इन सुरक्षाकर्मियों को डीएम पुलकित खरे और एसएसपी शैलेष कुमार पांडेय ब्रीफ करेंगे। वह इन्हें सतर्कता-सजगता का पाठ पढ़ाएंगे। साथ ही सद्व्यवहार के लिए निर्देश देंगे।
भारी वाहन शाम से पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे
बरसाना की तरफ जाने वाले भारी वाहन शाम से पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे। इसका जिम्मा ट्रैफिक पुलिस पर होगा। कोई भी भारी वाहन जाता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसपी देहात त्रिगुण बिसेन ने बताया कि रविवार की शाम से फोर्स तैनात कर दिया जाएगा। कोई भी कोताही करता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।