ब्रज के राजा दाऊजी का एक माह तक चलने वाला अगहन पूर्णिमा लक्खी मेला शुक्रवार से आरंभ हो गया है। बलदाऊ के 435वें पाटोत्सव और मेला के उद्घाटन समारोह में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से देर शाम तक हजारों भक्तों ने अपने इष्ट के दर्शन किए। मेले का शुभारंभ सपा जिलाध्यक्ष तुलसीराम शर्मा, नगर पंचायत चेयरमैन रामकृष्ण वर्मा और डीसीएफ के चेयरमेन रामधन गुर्जर ने फीता काट कर किया।
श्रीदाऊजी मंदिर में सुबह शहनाई वादन के साथ विशेष अभिषेक और शृंगार किया गया। वेदपाठ और रेवती बलदेव सहस्त्र नामार्चन के बाद दोपहर में मंदिर प्रांगण से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसका शुभारंभ रिसीवर आरके पांडेय, हरीश शर्मा, संत फूलडोल महाराज और पंकज बाबा ने किया। शोभायात्रा में दाऊजी महाराज रेवती मैया की छवि व चरण पादुका और कल्याण देवजी की छवि निकाली गई। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। इसमें श्रद्धालु संकीर्तन करते चल रहे थे। कार्यक्रम में हरिबोल बाबा, डॉ. आदित्यानन्द महाराज, स्वामी शिवप्रकाशानन्द महाराज, दिनेश पांडेय, विष्णु आचार्य, ब्रजेश पांडेय, कन्हैया पांडेय आदि साथ चल रहे थे।
इससे पहले मेला उद्घाटन के अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष तुलसीराम शर्मा ने कहा कि बलदेव का यह मेला प्राचीन गौरव का प्रतीक है। प्रदेश सरकार की ओर से मेले को आकर्षक बनाने का प्रयास किया जाएगा। नगर पंचायत अध्यक्ष रामकृष्ण वर्मा ने कहा कि बाहर से आए दुकानदारों के लिए पुलिस, पीएसी, महिला पुलिस सुरक्षा व्यवस्था, साफ सफाई की व्यवस्था के साथ मनोरजंन की व्यवस्था प्राथमिकता से होगी। अतिथियों का स्वागत चेयरमैन रामकृष्ण वर्मा और कमल पांडेय ने किया। इस अवसर पर चौमुंहा नगर पंचायत चेयरमैन बिहारी राम पहलवान, विभोर गौतम, नकुल राजावत, सभासद इस्लाम खां, चन्दो पहलवान आदि उपस्थित थे।