मथुरा। कोरोना वायरस से प्रभावित श्रमिकों की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने एक-एक हजार रुपये की एक और किस्त जारी कर दी है। जनपद में दूसरी किस्त 21 हजार से अधिक पंजीकृत श्रमिकों को राज्य सरकार द्वारा दी गई है।
पिछले करीब तीन माह से जारी लॉकडाउन के चलते श्रमिकों की आजीविका चलाने के लिए प्रदेश सरकार ने एक-एक हजार रुपये देने की घोषणा की थी। इसके तहत श्रम विभाग पंजीकृत श्रमिकों को यह राशि जारी कर रहा है। जनपद में योजना प्रभारी डीएस दीक्षित ने बताया कि पहली किस्त विगत माह में 24143 श्रमिकों के खातों में भेजी गई थी।
शासन के निर्देशों के अनुपालन में श्रम विभाग मथुरा द्वारा दूसरी किस्त का चेक श्रमिकों के खातों में भेजने के लिए सहायक श्रमायुक्त प्रभात कुमार सिंह ने जारी कर दिया गया। इस दूसरी किस्त से 21837 श्रमिकों के खातों में 1-1 हजार की दर से 2 करोड़ 18 लाख 37 हजार का चेक इलाहाबाद बैंक को भेजा गया है। यह धनराशि आरटीजीएस के माध्यम से श्रमिकों के खातों में हस्तांतरित की जा रही है।