मथुरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि की अंतर महाविद्यालय महिला हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल केआरपीजी और बीएसएपीजी कॉलेज के बीच हुआ। इसे केआरपीजी की टीम ने जीता। इसके साथ ही केआरपीजी कॉलेज की टीम ने बीएसएपीजी कॉलेज को 7 बार हराने का इतिहास भी रचा।
केआरपीजी कॉलेज प्राचार्य प्रो. प्रवीण कुमार अग्रवाल ने बताया कि आगरा के एनडीए कॉलेज एंड साइंस टेक्नोलॉजी कॉलेज में विवि ने हॉकी प्रतियोगिता कराई। इसमें कृष्णा कॉलेज, बीएसए कॉलेज मथुरा, केआर कॉलेज मथुरा, कृष्णा कॉलेज आगरा, मनोरमा इंस्टीट्यूट, बीडी जैन आगरा, मनोरमा कॉलेज आगरा की टीम ने प्रतिभाग किया। केआर पीजी कॉलेज ने मनोरमा कॉलेज को 4-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
इसके बाद केआरपीजी कॉलेज और बीएसएपीजी कॉलेज की टीम के बीच फाइनल मैच हुआ। इसे केआरपीजी कॉलेज की टीम ने 2-0 से जीता। विजेता टीम जनवरी माह के द्वितीय सप्ताह में हरियाणा के सोनीपत स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में होने वाली हॉकी चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेगी।
पूरे मैच में प्रिया धनगर, लक्ष्मी गौतम, पूजा, क्रांति, पूजा पचौरी, मोहिनी, रचना, पिंकी, राधिका पाल, आशिकी का बेहतरीन प्रदर्शन रहा। ऑब्जर्वर की भूमिका डॉ. दयानंद सिंह, डॉ. अनिल यादव और डॉ. शंकर यादव ने निभाई। विजेता और उपविजेता टीम को विवि खेल प्रभारी निदेशक डॉ. अखिलेश चंद सक्सेना ने ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया।
विजेता टीम को केआर टीटी कॉलेज के प्राचार्य कुलविंदर सिंह बग्गा, ओलंपिक संघ के सचिव महेंद्र सिंह राजपूत, कबड्डी संघ के सचिव सुनील श्रीवास्तव, एथलेटिक्स संघ के सचिव जयसिंह, माध्यमिक शिक्षा खेल प्रभारी डॉक्टर पदम सिंह कौन्तेय, बृजेश कौशिक, हरपाल यादव, सर्विस सोलंकी, देवेश यादव, बलभद्र हरदेव, राहुल कुंतल, संदीप, योगेश शर्मा, लोकेश गौतम, मोहित, संदीप, ध्रुव आदि ने बधाई दी है।