गोवर्धन। कोरोना महामारी की तीसरी लहर से पहले स्वास्थ्य विभाग बच्चों को दवाओं की किट बांटेगा। इसके लिए शून्य से 17 साल तक के बच्चों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में दवा की किटें तैयार की जा रही हैं।
गोवर्धन खंड विकास कार्यालय के सभागार कक्ष में रविवार को विधायक कारिंदा सिंह की अध्यक्षता में एसडीएम राहुल यादव, चिकित्सा अधीक्षक डॉ.बीएस सिसौदिया ने एएनएम आशा कार्यकत्रियों को प्रशिक्षण देकर ग्रामीण क्षेत्रों में डोर टू डोर कोविड किट दवाइयां वितरण करने के निर्देश दिए ।
एसडीएम ने बताया कि चार श्रेणियों में दवाओं की किट को आशा, एएनएम, निगरानी समितियों के जरिए बांटा जाएगा। इसके लिए ब्लॉक की चालीस ग्राम पंचायतों में सर्वे करा दिया गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कोविड की दूसरी लहर से निपटने के बाद अब तीसरी लहर में बच्चों के संक्रमित होने की अधिक आशंका जताई है। विधायक ने बताया बच्चों के लिए अब तक कोई टीका नहीं आया है। ऐसे में शासन बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए उन्हें जरूरी दवाएं देने की शुरुआत कर रहा है।
डॉ. बीएस सिसौदिया ने बताया कि इस काम में निगरानी समितियां डोर टू डोर जाकर जानकारी करेंगी। जिस बच्चे में कोरोना के लक्षण होंगे, उन्हें मेडिकल किट दी जाएगी। पहले चरण के बाद दूसरे चरण में दवाओं की किट जैसे ही आएगी, वैसे-वैसे सभी घरों में बच्चों की दवाएं पहुंचाई जाएंगी। इस मौसम में संक्रामक रोगों की आशंका अधिक रहती है। ऐसे में विभाग कोई जोखिम नहीं लेना चाहता है। बीडीओ बृज बिहारी त्रिपाठी, स्वास्थ्य कर्मी यतेंद्र कौशिक, ज्ञानेंद्र सिंह राणा, बुद्धि लाल, आशा लक्ष्मी देवी, मीना देवी, आदि उपस्थित थे।