मथुरा। डीएपी खाद की नई दरें लागू कर दी गई हैं। अब किसानों को प्रति बोरा 50 रुपये कम दर से डीएपी खाद मिलेगी। एक बोरा डीएपी के लिए किसानों को अब 1250 के स्थान पर 1200 रुपये देने होंगे।
जिले में तीन लाख से अधिक पंजीकृत और इतने ही अपंजीकृत किसान हैं। किसानों को सस्ती दरों पर डीएपी उपलब्ध कराने को प्रदेश सरकार ने हाल ही में 50 रुपये कम कर दिए हैं। नई दर 1250 का बोरा अब 1200 रुपये में मिलेगा। उधर, नई दरों के साथ जिले की 103 कोऑपरेटिव सोसाइटी के बिक्री केंद्रों पर 3463 मीट्रिक टन डीएपी खाद बिक्री के लिए भेजा जा रहा है।
एआर कोऑपरेटिव रविंद्र कुमार व एडीओ सुरेद्र कुमार व एरिया मैनेजर सतवीर सिंह ने बताया कि किसान 1200 रुपये प्रति बोरे के हिसाब से ही डीएपी खरीदें। यदि कोई दुकानदार इससे ज्यादा रकम वसूलता है तो इसकी वीडियो या शिकायत एआर कोऑपरेटिव, जिला कृषि अधिकारी रामतेज यादव या एडीओ सुरेंद्र कुमार के मोबाइल पर भेजें। अधिकारियों के मोबाइल नंबर विभाग से लिए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि रेट से अधिक पैसा वसूलने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जनपद में 13543 मीट्रिक टन डीएपी का स्टॉक
किसानों की रबी की फसल बुआई को जिले में 13543 मीट्रिक टन का स्टॉक मौजूद है। इसमें 5748 मीट्रिक टन प्रादेशिक कोऑपरेटिव फेडरेशन के गोदामों है, वहीं सहकारी समिति के गोदामों में 4312 मीट्रिक टन है। बाकी का स्टॉक इफको, कृभकों के गोदामों से जरूरत पड़ने पर तुरंत बांटने के लिए ले लिया जाएगा।