राधाकुंड। श्रीकृष्ण जन्म भूमि मुक्ति के लिए चित्र गुप्त पीठाधीश्वर सच्चिदानंद महाराज ने अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक ठाकुर देवकीनंदन महाराज से मुलाकात की और 9 अगस्त क्रांति दिवस के दिन विवादित गुंबद तोड़ने के लिए समर्थन मांगा। ठाकुर देवकीनंदन महाराज ने कार सेवा को समर्थन देने का ऐलान कर दिया। चित्र गुप्त पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने बताया कि श्री कृष्ण जन्म भूमि मुक्ति के लिए 9 अगस्त को एक और कार सेवा की जाएगी, इस कार सेवा के लिए ब्रजवासी, साधु संत और धर्म गुरुओं से संपर्क कर गांव-गांव जाकर अपील की जा रही है।
वहीं स्वामी सच्चिदानंद महाराज की इस घोषणा के बाद शाही ईदगाह मस्जिद कमेटी के सचिव एवं पक्षकार तनवीर अहमद का भी बयान सामने आया है। तनवीर अहमद ने कहा, जहां मामले न्यायालय में लंबित हों, वहां इस तरह के बयानबाजी ठीक नहीं है। न्यायालय और संविधान पर सबको भरोसा है। राम मंदिर का मामला अलग है, वहां तो राम त्रिपाल में बैठे थे। यहां तो मंदिर अलग है और मस्जिद अलग है। दोनों के रास्ते भी अलग हैं। मस्जिद में पांच टाइम की नमाज होती है और वहां भजन पूजन। ये दोनों आपसी भाईचारे के प्रतीक हैं। तनवीर अहमद के बयान के बाद जुलहेंदी के ग्रामीणों ने श्रीराधाकृष्ण मंदिर में बैठक आयोजित की। बैठक में ग्रामीणों ने विवादित गुंबद तोड़ने का समर्थन करते हुए स्वामी सच्चिदानंद महाराज को समर्थन दिया। रमाकांत दीक्षित ने बताया चित्र गुप्त पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने जन्म भूमि मंदिर को विवादित ढांचे से मुक्त कराने का संकल्प लिया है। इसके लिए गांव की सरदारी ने बैठक कर पूरा समर्थन किया है।