मथुरा। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 24 फरवरी से शुरू हो रही हैं। परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 71,404 विद्यार्थी शामिल होंगे। जिले के परीक्षा केंद्रों को कंट्रोल रूम से जोड़ा जा रहा है। 120 परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए राजकीय इंटर कॉलेज में कंट्रोल रूम बनाया गया है।
कंट्रोल रूम में नौ कंप्यूटर लगाए जाने हैं। यहां 30 शिक्षकों को तैनात किया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी इन्हीं कंप्यूटर के माध्यम से रखी जाएगी। नेटवर्क की समस्या से निपटने के लिए केंद्रों पर हाई स्पीड इंटरनेट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। समय-समय पर जिला स्तरीय और बाहर से आने वाले अधिकारी कंट्रोल रूम का अवलोकन करेंगे।
रजिस्टर पर नोट होगी शिकायत
नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए किसी भी परीक्षा केंद्र पर कैमरे की गड़बड़ी और अन्य गतिविधि होने पर शिक्षक रजिस्टर में तुरंत दर्ज करेंगे। इसके बाद दर्ज शिकायत तत्काल प्रभाव के साथ कंप्यूटर में फीड कराई जाएगी।
परिचय पत्र के साथ नजर आएंगे कक्ष निरीक्षक
डीआईओएस रविंद्र सिंह ने बताया कि कक्ष निरीक्षकों को परिचय पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा उन्हें प्रमाण के लिए आधार कार्ड रखने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रों की निगरानी के लिए केंद्र व्यवस्थापकों का एचडी नाइट विजन कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।