आपरेशन जवाहर बाग के लिए चार कंपनी पीएसी जनपद को मिल गई है। पीएसी के आते ही पुलिस बल भी हरकत में आ गया। शुक्रवार को पीएसी के साथ पुलिस के जवानों ने पुलिस लाइन में दंगा नियंत्रण का रिहर्सल किया।
जवाहरबाग को खाली कराने के लिए निकटवर्ती जनपदों से फोर्स मिलना शुरू हो गया है। गुरुवार की रात को झांसी, फैजाबाद, सुल्तानपुर और मुरादाबाद से चार कंपनी पीएसी मथुरा प्रशासन को मिली है। फोर्स के आते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने आपरेशन जवाहरबाग की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार तड़के जनपद के सभी 20 थानों, लाइन की पुलिस और आसपास की चौकियों से पुलिसकर्मियों ने पुलिस लाइन में दंगा नियंत्रण स्कीम के तहत रिहर्सल किया।
एसएसपी डा. राकेश सिंह के नेतृत्व में हुए रिहर्सल में दंगा नियंत्रण, पम्प गन, स्टेन गन, एमपी- 5 गन, रिवाल्वर, मिर्ची बम, करंट बम, ऑस्टन बम, आंसू गैस के गोले आदि का रिहर्सल किया गया। इस दौरान एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी, एसपी देहात अरुण कुमार सिंह, सीओ सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, सीओ सदर आरके गौतम, सीओ महावन सुरेन्द्र कुमार यादव, सीओ रिफाइनरी कुंवर अनुपम सिंह, सीओ छाता पीयूष कुमार सिंह, सीओ मांट संजय कुमार के नेतृत्व में अलग-अलग टीम बनाई गईं।
जवाहरबाग के लिए मांगी 30 कंपनी फोर्स
मथुरा। आपरेशन जवाहर बाग के लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी ने बताया कि इसके लिए शासन से 16 कंपनी रैपिड एक्शन फोर्स, 14 कंपनी पीएसी और अन्य दंगा नियंत्रण के संसाधन की मांग की गई है। पुलिस शासन स्तर के अधिकारियों से लगातार संपर्क में है।
गूगल से कराया जा रहा सर्वे
मथुरा। पुलिस-प्रशासन गूगल मैप की मदद से जवाहरबाग पर नजर रखी जा रही है। शुक्रवार को नक्शे भी निकाले गए।