मथुरा। कोरोना काल में जेल से पैरोल पर छूटे 15 बंदियों में से 9 बंदी जेल तथा पुलिस के लिए सिरदर्द बन गए हैं। शासन के निर्देश के बाद 6 बंदी तो वापस आ गए लेकिन 9 बंदी अभी भी जेल नहीं लौटे हैं। पुलिस अब इन बंदियों की खोजबीन में जुट गई है।
दरअसल जिस समय कोरोना को लेकर अति सावधानी बरती जा रही थी उस समय जेल में संख्या अधिक होने के कारण शासन स्तर पर ऐसे बंदियों को पैरोल पर छोड़ने का निर्णय लिया गया था जो कि गंभीर धाराओं में बंद नहीं हैं। शासन के निर्देश के बाद जिला जेल से उस समय कुल 15 बंदियों को पैरोल पर छोड़ दिया गया। अब जब कि कोरोना को लेकर लॉकडाउन अनलॉक की प्रक्रिया चल रही है तो शासन ने पैरोल पर छूटे सभी बंदियों को वापस जेल में लाने के निर्देश दिए हैं। शासन के इन निर्देशों के अनुपालन में कुल 6 बंदी तो जेल से वापस आ गए लेकिन 9 बंदी अभी भी जेल नहीं आ सके हैं।
इन बंदियों के वापस न आने से चिंतित जेल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी है। पुलिस अब इन बंदियों के घर पर दबिश देकर खोजने का प्रयास कर रही है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक शैलेंद्र मैत्रेय ने बताया कि हमने वापस न आने वाले 9 बंदियों के बारे में एसएसपी को सूचना दी है। पुलिस इन बंदियों को जल्द ही जेल में वापस ले आएगी।