सौंख (मथुरा)। सोंन गांव के एक दर्जन किसानों की खेती की जमीन को फर्जी तरीके से पट्टे पर दिखाकर बीमा कंपनी को आपदा का मुआवजा लेने के लिए आवेदन करने का मामला सामने आया है। इस कार्य के लिए किसानों के फर्जी शपथ पत्र भी जालसाजों ने तैयार कर लिए। सर्वे भी कर लिया गया। जानकारी होते ही किसानों ने जालसाजों के खिलाफ थाना मगोर्रा में तहरीर दी है।
बीमा कंपनी के एक कर्मचारी ने किसानों को बताया कि आपके खेतों के खसराें पर नाम परिवर्तित कर पूर्व में ही आवेदन पत्र जमा किए गए थे । इससे किसानों के पैरों तले जमीन खिसक गई। नीरज कुमार, संतोष, ओमवीर, कृष्णगोपाल, विजेन्द्र, रामबाबू, रनवीर, श्यामवीर, नारायन सिंह, धीरज सिंह, भगवान सिंह, रामवीर, जयगणेश, भगतसिंह, विजेंद्र सिंह, हरवीर, प्रेम, किशन सिंह, कुंजबिहारी आदि ने बताया कि उन्होंने अपनी खेती की जमीन किसी बीमा या आपदा कंपनी को पट्टे पर नहीं दी।
थाना प्रभारी मोहित तोमर ने बताया कि किसानों के खेतों को पट्टे की जमीन दिखाकर फसल नुकसान के मुआवजे के लिए आवेदन का मामला सामने आया है। मामले में जालसाजों के खिलाफ किसानों ने तहरीर दी है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।