मथुरा। रिफाइनरी थाना क्षेत्र के निवासी एक व्यक्ति ने चार लोगों पर इनोवा क्रिस्टा कार बेचने का लालच देकर 17.50 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। आरोपियों ने पीड़ित को लोन पर ली कार बेच दी। इसके न पैसा वापस किया न ही कार ट्रांसफर की। पीड़ित ने न्याय के लिए कोर्ट की शरण ली है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तीन नामजद समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राधाटाउन बाद निवासी सुनील शर्मा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि उन्होंने टाउनशिप के औंकारेश्वर निवासी दीपक अग्रवाल, नरसीपुर के राजेश और योगेश समेत एक अज्ञात ने तीन जुलाई 2023 को इनोवा क्रिस्टा कार खरीदने का 19.50 लाख रुपये में सौदा तय किया था। उन्होंने 17.50 लाख रुपये देकर कार ले ली थी। फिर कार उनके नाम ट्रांसफर होने के बाद बकाया दो लाख रुपये देने की बात हुई थी। इसी बीच उनको कार फाइनेंस पर होने की जानकारी मिली।
उन्होंने दीपक अग्रवाल से इस बारे में पूछा तो दीपक ने पूरी किस्त जमा होने के बाद कार ट्रांसफर की बात कही। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने न ही किस्त भरी और न ही कार उनके नाम ट्रांसफर की। कार ट्रांसफर कराने की कहने पर उन्हें उल्टा फंसाने की धमकी देने लगे। पुलिस से शिकायत पर पीड़ित की सुनवाई नहीं हुई। कोर्ट से उन्होंने न्याय की गुहार लगाई है। सीओ श्वेता वर्मा ने बताया है कि कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।