यहां मंदिर की परंपराओं के अनुरूप कुनबाड़ा का आयोजन हुआ। गिरिराजजी को विभिन्न प्रकार के भोग समर्पित किए गए। तिलकायत विशाल बाबा के सानिध्य में विधिवत पूजन-अर्चन संपन्न हुआ। अनंत अंबानी ने प्रभु के चरणों में भोग अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजन के दौरान उन्होंने गिरिराजजी की शिला का दर्शन कर मत्था टेका और ब्रजभूमि की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजन से पूर्व अनंत अंबानी ने बल्लभकुल पुरोहित सुरेशचंद रामजीलाल के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। पुरोहित ने उन्हें प्रसादी दुपट्टा भेंट किया और ब्रजभूमि आगमन पर बधाई दी। मंदिर के सेवायतों ने भी उन्हें प्रसाद भेंट किया।
">http://
जतीपुरा मुखारविंद को गिरिराजजी का प्रमुख स्वरूप माना जाता है। मान्यता है कि श्रीकृष्ण ने यहीं से गिरिराजजी का पूजन शुरू कराया था। यही कारण है कि देशभर से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। अनंत अंबानी का गिरिराजजी के प्रति विशेष श्रद्धा भाव रहा है। इससे पहले भी वे परिवार सहित गोवर्धन आकर दर्शन कर चुके हैं।
उनके आगमन को लेकर जतीपुरा और गोवर्धन में दिनभर हलचल रही। स्थानीय लोगों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं में उत्सुकता बनी रही। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। गंगाधाम से लेकर मुखारविंद मंदिर तक पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि आम श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। पूजन-अर्चना के बाद अनंत अंबानी कुछ देर मंदिर परिसर में रुके और सेवायतों से मंदिर की परंपराओं और सेवा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वे वापस गंगाधाम आश्रम लौट आए।
बांकेबिहारी मंदिर भी जाएंगे
अनंत अंबानी दो दिवसीय दाैरे पर मथुरा पहुंचे हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार वह शुक्रवार को गिरिराज महाराज के दर्शन के बाद शनिवार को सुबह वृंदावन में बांकेबिहारी मंदिर के दर्शन के लिए जाएंगे। यहां ठाकुरजी के दर्शन करने के साथ मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे। इस दाैरान सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं।