बलदेव। बलदेव के गांव अवैरनी में ग्रामीणों की सजगता व प्रयासों से प्रशासन ने लगभग 50 वर्ष पुरानी जर्जर पानी की टंकी को सुरक्षित रूप से ध्वस्त करा दिया। यह टंकी लंबे समय से बेहद खराब हालत में थी और हमेशा बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की गई।
ग्रामीणों ने बताया कि टंकी की जर्जर अवस्था को लेकर प्रशासन से शिकायत कर रहे थे। आखिरकार उनकी आवाज सुनी गई और जर्जर पानी टंकी को गिरा दिया गया। ग्रामीणों ने मांग की है कि शीघ्र स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नई टंकी का निर्माण कराया जाए। स्थानीय बादल राज बंसल ने बताया कि पानी की टंकी गिराए जाने से खतरा टल गया है। ग्रामीणों पवन शर्मा, प्रेम सिंह पोनिया, पवन पाराशर, डॉ. प्रवीन शर्मा, भगवान सिंह, उदयवीर सिंह, सलीम खान ने जिलाधिकारी से मांग की है कि ग्राम अवैरनी में स्थायी व सुचारू पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संवाद