मथुरा। नगर निगम में शामिल हुए 51 गांवों की कीमती जमीन पर भूमाफिया और दंबग कब्जा कर रहे हैं। उनके द्वारा लेखपालों से सांठगांठ कर इन जमीनों पर कब्जा कर लिया है। कई गांवों में यह जमीन तो निगम के नाम हैं लेकिन मौके पर ग्रामीण काबिज हैं। उधर निगम द्वारा इन जमीनों के सर्वे के लिए अलग से दो लेखपाल एक कानूनगो की नियुक्ति की है। इनके माध्यम से निगम जमीनों का सर्वे करा रहा है।
पहली दफा ग्राम पंचायत से नगर निगम में शामिल हुए 51 गांवों की भू-संपत्ति का रिकार्ड काफी दिन पूर्व प्रशासन ने निगम को सौंप दिया था लेकिन निगम द्वारा इसे गंभीरता से नहीं लिया गया जिसके चलते भूमाफिया द्वारा इन जमीनों पर कब्जा कर लिया गया है।
कब्जा करने वाले अधिकांशत लोगों द्वारा लेखपालों के माध्यम से जमीनें कब्जाई गई हैं तथा कुछ ने बिना किसी कागजात के ही कब्जा कर लिया गया है। जिसके चलते निगम के पास बहुत कम भू संपत्ति बचीं हैं।
नगर आयुक्त रवींद्र कुमार मांदड़ को जब इस संबंध में जानकारी मिली तो उनके द्वारा दो रिटायर्ड अतिरिक्त लेखपाल तथा एक कानूनगो को रखा है, जबकि एक कानूनगो पहले से ही निगम मेें तैनात है। निगम द्वारा अपने लेखपाल तथा कानूनगो के माध्यम से इन जमीनों का सर्वे कराया जा रहा है।
सर्वे के बाद जमीनों को चिन्हिंत किया जाएगा और जिन जमीनों पर अवैध कब्जे हैं उन्हें खाली कराया जाएगा। सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल ने बताया कि सर्वे अभी शुरू कराया गया है। रिपोर्ट के बाद ही कार्रवाई शुरू की जाएगी।