बलदेव। थाना क्षेत्र के अवैरनी चौराहा स्थित डाक बंगला के पास रविवार रात सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं।
थाना पुलिस ने बताया कि संजय (46) पुत्र मोहनलाल निवासी गांव मई, थाना सादाबाद (हाथरस) अपनी पत्नी के साथ मथुरा से वापस गांव लौट रहे थे। तभी बलदेव में अज्ञात वाहन पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल संजय की मौत हो गई। जबकि पत्नी को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंचे परिजन ने बताया कि संजय के दो बच्चे हैं।
वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पेट पालते थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीओ श्वेता वर्मा और थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। फिलहाल टक्कर मारने वाले वाहन की सीसीटीवी के जरिए तलाश की जा रही है।