मथुरा। मथुरा-वृंदावन नगरीय क्षेत्र में नगर निगम की ओर से कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में अवर अभियंताओं को नीयत समय पर निर्माण कार्य पूर्ण न कराने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त अनुनय झा ने कड़े शब्दों में अवर अभियंता को चेतावनी देते हुए कहा कि नियत अवधि में यदि निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो उनकी चरित्र पंजिका में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज कर दी जाएगी। इसके अलावा उन्होंने फर्म और ठेकेदार काली सूची में डालने के आदेश किए हैं।
सोमवार को निगम कार्यालय में हुई बैठक में नगर आयुक्त ने समीक्षा के वक्त पाया कि शहर में कई निर्माण कार्य अवर अभियंताओं ने समय से पूर्ण नहीं कराए हैं। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने अवर अभियंताओं को कार्य के प्रति लापरवाही बरतने और कार्य समय से पूर्ण न कराए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश किए हैं। उन्होंने पूछा कि जब कार्य पूर्ण किए जाने के लिए प्रत्येक कार्य की तिथि तय की गई थी तो कार्य पूर्ण क्यों नहीं हुए।
इस पर अभियंता संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। बैठक में यह भी संज्ञान में आया कि कई ठेकेदारों को विभाग ने नोटिस जारी किए जाने के उपरांत भी कार्य पूर्ण नहीं किया जा रहा अथवा कार्य शुरू ही नहीं किया गया है। उक्त फर्मों को काली सूची में डाले जाने के लिए निर्देशित किया गया। समीक्षा बैठक में मुख्य अभियंता सिविल, अधिशासी अभियंता सिविल, समस्त सहायक अभियंता सिविल, समस्त अवर अभियंता सिविल आदि मौजूद रहे।