गोवर्धन। कस्बा के बरसाना रोड निवासी 56 वर्षीय व्यापारी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। डीग अड्डा पर पेट्रोल पंप के सामने बनी दुकानों से लेकर वार्ड 7 के कसाई पाड़ा, हरिजन गली, ईदगाह के सामने स्थित मार्केट को बंद करा दिया है। गलियों को बेरिकेट कर पुलिस तैनात की गई है।
बरसाना रोड निवासी 56 वर्षीय वृद्ध व्यापारी की रिपोर्ट बुधवार को पॉजिटिव आई थी। वह अपनी रीढ़ की हड्डी का इलाज कराकर जयपुर से परिजनों के साथ लौटे थे। जानकारी होते ही प्रशासन ने परिजनों को क्वारंटीन कर सैंपल लिए हैं। बृहस्पतिवार को भी कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए व्यक्ति के चार परिजनों को क्वारंटीन कर सैंपल लिए हैं। आठ लोगों की जांच का इंतजार है।
प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में सील किए एरिया के कसाई पाड़ा मोहल्ला में निजी चिकित्सक को कोरोना संक्रमण काल में लापरवाही पर पकड़ा है। चिकित्सक को क्वारंटीन कर सैंपल लिए हैं। एसडीएम राहुल यादव ने बताया कि एरिया को सील कर नगर पंचायत प्रशासन की ओर से व्यवस्थाएं कराई गर्इं है।
नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी राजेश चौधरी ने बताया कि कस्बा के जिस एरिया को सील किया है, उसमें रहने वाले लोगों को सब्जी, दूध, किराना के सामान के लिए नंबर उपलब्ध करा दिए हैं। सील प्वाइंटों तक सामान आसानी उपलब्ध कराया जा रहा है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रूपेंद्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट का इंतजार है। लोग सुरक्षा के प्रति लापरवाही नहीं बरतें।