मथुरा। टीबी हारेगा-देश जीतेगा अभियान के तहत टीबी रोगी खोज अभियान में जनपद में कार्यरत प्राइवेट चिकित्सालयों के केमिस्ट व पैथोलॉजी में क्षय रोगियों की खोज की जा रही हैं। वहीं, क्षय रोगियों को नोटिफाइड करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. संजीव कुमार यादव ने बताया कि भारत सरकार द्वारा अपने जारी गजट नोटिफिकेशन द्वारा प्रत्येक निजी चिकित्सक, अस्पताल, पैथोलॉजी के अलावा केमिस्ट को अपने द्वारा उपचार किए जाने वाले रोगियों की सूचना क्षय रोग विभाग को देनी अनिवार्य है। जनपद में 24 टीमों का गठन किया गया, यह टीम प्रत्येक प्राइवेट अस्पताल के पास जा रहीं हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रचना गुप्ता ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन से अपील की है कि वह अपने यहां चिन्हित हो रहे प्रत्येक क्षय रोगी की सूचना जिला क्षय रोग अधिकारी कार्यालय को अवश्य उपलब्ध कराएं। उन्होंने प्रत्येक केमिस्ट से अपेक्षा की कि वह अपने यहां शेड्यूल एच-1 रजिस्टर अपडेट रखें। जिन भी व्यक्तियों को क्षय रोग की दवा बेची जा रही है, उसकी पूरी जानकारी जिला औषधि निरीक्षक के माध्यम से जिला क्षय रोग विभाग को उपलब्ध कराएं।
....
वर्ष 2019 2020 2021
चिह्नित रोगी 12577 8579 3000
.....
टीबी रोगी खोज में की उपलब्धियां
अभियान के प्रथम चरण में 26 दिसंबर से 1 जनवरी तक अनाथालय, जिला कारागार, बाल संरक्षण व गृह नारी निकेतन में क्षय रोगियों की खोज में 100 बलगम सैंपल में 4 को टीबी निकली। दूसरे चरण में 2 से 12 जनवरी तक मलिन बस्तियों में 2900 से अधिक की बलगम की जांच में 150 का इलाज शुरू किया गया।