वृंदावन। शहर के चौबिया पाड़ा निवासी युवक की मौत पर परिवार के लोगों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इसकी शिकायत सीएमओ से की गई है। माला गली चौबिया पाड़ा निवासी अरविंद कुमार चतुर्वेदी ने सीएमओ को लिखे शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि चिकित्सा के दौरान बरती गई लापरवाही एवं गलत इंजेक्शन लगने से उसके सीए पुत्र अभिनव चतुर्वेदी की मृत्यु हो गई।
गोवर्धन चौराहा- राधापुरम स्थित हॉस्पिटल में गत 19 फरवरी को गैस की परेशानी होने पर वह बेटे को लेकर आए। यहां पूछा कि डॉक्टर हैं या नहीं। स्टाफ ने बताया कि 10 मिनट में आएंगे और भर्ती करा दिया। उसका बीपी, पल्स, ईसीजी नॉर्मल था। वह परिवार के सदस्यों से बात कर रहा था। तभी एक कंपाउंडर आया और उसे इंजेक्शन लगाया। इसके बाद कुछ ही देर में उसकी तबियत बिगड़ने लगी और मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन मांगने पर भी उपचार संबंधी कागज नहीं दे रहा है।
इसकी निष्पक्ष जांच की जाए। नोडल अधिकारी हॉस्पिटल पंजीकरण एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मुनीष पौरूष ने बताया कि यह प्रकरण जानकारी में आया है। नोडल अधिकारी डॉ.भूदेव सिंह ने बताया कि इसकी शिकायत व्हाट्सएप के माध्यम से प्राप्त हुई है।
हाइवे स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान लापरवाही और गलत इंजेक्शन लगने से युवक की मृत्यु का मामला संज्ञान में आया है। यह गंभीर विषय है। जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी।
डॉ. एके वर्मा, सीएमओ मथुरा।