मैनपुरी के बेवर में जीटी रोड पर कंटेनर की टक्कर से बाइक उसके पिछले पहिये में फंस गई, जिससे महिला और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई। आरोप है कि चालक कंटेनर नहीं रोककर करीब तीन किलोमीटर तक बाइक को घसीटता रहा, जबकि महिला का पति गंभीर घायल हो गया।
मैनपुरी के बेवर में मंगलवार की सुबह तड़के करीब 4:15 बजे थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर एक परिवार की तीन जिंदगियां पलभर में खत्म हो गईं। कछपुरा दीवानी के पीछे सदर कोतवाली निवासी 32 वर्षीय बॉबी अपने मामा ससुर उमेश के यहां से पत्नी 30 वर्षीय पत्नी सुमन व दो बच्चियों चार साल की वेदांशी व एक साल की देवांशी उर्फ लाडो के साथ श्राद खाकर घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आए कंटेनर ने चपेट में ले लिया और कई किलो मीटर घसीटता हुआ ले गया। हादसे में सुमन और उनके दो बच्चियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बॉबी को गंभीर हालत में पीजीआई सैफई रेफर किया गया है, मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कंटेनर व बाइक में लगी आग बुझाई।
विज्ञापन
Trending Videos
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद सुमन के मामा उमेश ने बताया कि दामाद बॉबी के पिता ऋषि कुमार होमगार्ड हैं, वह जिलाधिकारी के यहां ड्यूटी करते हैं। बॉबी भी नगर पालिका में काम करता और कुछ दिन से पिता के साथ ही ड्यूटी कर रहा था। सोमवार को वह उनके यहां नगला टांकन बेवर कनागत खाने गया था, सुबह ड्यूटी पर जाना था। इसलिए वह पत्नी व बच्चों को साथ लेकर सुबह करीब 4:15 बजे घर जाने के लिए निकल गई था।
कुछ देर बाद उन्हें सूचना मिली कि सड़क हादसे में सुमन व दोनों बच्चों की मौत हो गई है। बॉबी की हालत गंभीर है, जिला अस्पताल से पीजीआई सैफई रेफर किया गया है। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कंटेनर व बाइक में लगी आग को बुझाया, कंटेनर में पार्सल लदे हुए थे। उधर, हादसे में महिला व दो बच्चों की मौत के बाद परिजन में चीख-पुकार मची है एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह कंटेनर की चपेट में आकर बाइक सवार महिला व दो बेटियों की मौत हुई है। बाइक चला रहा युवक गंभीर हालत में पीजीआई सैफई रेफर किया गया है, कंटेनर में भी आग लग गई थी, जिसे दमकलकर्मियों ने समय रहते बुझा दिया। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
बाइक और कंटेनर में लगी आग
बाइक के कंटेनर के पहिये में फंसने के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। कंटेनर में लदा स्पोर्ट्स शूज का सामान भी जल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाने के साथ हादसे की जांच शुरू की। पुलिस ने कंटेनर चालक को हिरासत में लिए जाने की बात कही है।
गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
हादसे में घायल बार्बी को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवर पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।