मथुरा। प्रदेश के नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में कार्यरत सफाईकर्मियों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर वाल्मीकि समाज एवं सफाईकर्मी प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। लखनऊ में दिए गए इस ज्ञापन में मथुरा समेत प्रदेश के सभी स्थानीय निकायों में कार्यरत सफाईकर्मियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की गई।
मुख्यमंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि स्थानीय निकायों में सेवानिवृत्ति के कारण करीब 1.50 लाख सफाईकर्मियों के पद रिक्त हैं, जिन पर तत्काल भर्ती की जाए। वर्ष 2005 से कार्यरत संविदा सफाईकर्मियों का नियमितीकरण, आउटसोर्स ड्राइवरों का मासिक वेतन 25 हजार रुपये करने, उनका सामूहिक बीमा कराने, सफाई व्यवस्था से ठेकेदारी प्रथा समाप्त कर अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करने और आउटसोर्स सफाईकर्मियों के वेतन में वृद्धि की मांग भी उठाई गई।
साथ ही ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले सफाईकर्मियों को सेना और पुलिस की तर्ज पर शहीद सफाईकर्मी का दर्जा, सम्मान और आर्थिक सहायता देने की मांग की गई। मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने वालों में प्रांतीय अध्यक्ष महेश काजू, कार्यवाहक प्रांतीय अध्यक्ष मंजीत करौसिया, प्रांतीय उपाध्यक्ष गणेश प्रसाद, प्रांतीय महामंत्री अश्विनी कुमार, प्रांतीय उपाध्यक्ष सुभाष गोस्वामी, प्रांतीय कोषाध्यक्ष आरसी वाल्मीकि, जिलाध्यक्ष (झांसी) अशोक प्याल, डॉ. एसपी. सिंह, वरुण वाल्मीकि और राम सिंह वाल्मीकि सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।