मांट। थाना मांट पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से शीशम के पेड़ काटने की साजिश का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली, मोटरसाइकिल और लकड़ी काटने के उपकरण भी जब्त किए हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस और वन विभाग की टीम ने शनिवार तड़के मुखबिर की सूचना पर मांट ब्रांच गंग नहर पर गांव नसीटी के समीप राधाकृष्ण मंदिर के पास घेराबंदी की। इस दौरान थाना रिफाइनरी क्षेत्र निवासी रामराज व सूरज उर्फ डल्ला, सदर बाजार निवासी संदीप तथा राया निवासी मानवेन्द्र उर्फ मोनू और राजेंद्र को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली, एक मोटरसाइकिल, चेन कटर, दो कटर ब्लेड और एक रस्सा बरामद हुआ। वहीं रामराज की तलाशी में एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस मिला। आरोपियों की निशानदेही पर थाना राया क्षेत्र से जड़ सहित शीशम के पेड़ के आठ टुकड़े भी बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि आरोपी अवैध रूप से शीशम के पेड़ काटने की योजना बना रहे थे।
कार्रवाई के दौरान रिफाइनरी थाना क्षेत्र निवासी छोटू अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। संवाद