लठामार होली की तैयारियों के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार ने अधीनस्थों के साथ बैठक की। इसमें कोसी, छाता और गोवर्धन के मार्गों पर पार्किंग स्थल बनाने, नगर पंचायत को प्राचीन कुंडों पर बल्लियां लगाकर बैरिकेडिंग करने और अतिक्रमण हटाने के साथ सफाई व्यवस्था के निर्देश दिए।
डीएम ने मौके पर ही रंगीली गली के सामने स्थित पुरानी हवेली को तोड़ने के आदेश दिए। खाद्य विभाग की टीम को दूषित सामग्री पर नजर रखने को कहा। विद्युत विभाग को केबिल ऊंची करने, कटे हुए ज्वाइंट पर टेप लगाने, सुचारु रूप से विद्युत संचालन पर ध्यान देने को कहा।
स्वास्थ्य विभाग को कस्बे के मुख्य स्थानों पर प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध करने को कहा।
लोक निर्माण विभाग को टूटी सड़कों की मरम्मत करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान एडीएम, एसपी ग्रामीण अरुण कुमार सिंह, एसडीएम गोवर्धन राजेश कुमार, एसडीएम छाता रामअरज यादव, सीओ छाता पीयूष कुमार सिंह, थानाध्यक्ष जितेंद्र दीखित, अधिशासी अधिकारी टीएन चौबे, चेयरमैन प्रतिनिधि महेश कुमार, गोकुलेश कटारा अधिवक्ता मौजूद रहे।