हिंदू आर्मी के श्रीकृष्ण जन्मभूमि से संबंधित 13.37 एकड़ जमीन पर किए गए दावे में सोमवार को तीन प्रतिवादी पेश हुए। प्रतिवादी को न्यायालय द्वारा दावे की प्रति प्रदान की गई। साथ ही वादी ने अपनी जान का खतरा बताते हुए कोर्ट से सुरक्षा की मांग की है।
हिंदू आर्मी चीफ मनीष यादव ने 15 दिसंबर 2020 को सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत में केस फाइल किया था। इसमें 20 फरवरी को केस दर्ज हुआ। सोमवार को केस के प्रतिवादी शाही मस्जिद ईदगाह कमेटी के सचिव एडवोकेट तनवीर अहमद, श्रीकृष्ण जन्मस्थान संस्थान सचिव कपिल शर्मा तरफ से विशेष कार्याधिकारी विजय बहादुर सिंह, अधिवक्ता मुकेश खंडेलवाल, श्रीकृष्ण जन्मस्थान ट्रस्ट के अधिवक्ता राधा किशन खंडेलवाल और महेश चतुर्वेदी एडवोकेट मौजूद रहे। वादी मनीष यादव ने अदालत में अपनी निजी सुरक्षा के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। हिंदू आर्मी चीफ ने बताया कि चूंकि वह लखनऊ से आते हैं, इसलिए उन्हें सुरक्षा की आवश्यकता है। अब इस मामले में 30 अप्रैल को सुनवाई होगी।