मथुरा। मथुरा की सांसद और प्रख्यात अभिनेत्री हेमामालिनी ने कहा कि अयोध्या पर उच्चतम न्यायालय के फैसले का सभी को सर्वसम्मति से सम्मान करना चाहिए। ये लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत करेगा। इससे देश ही नहीं दुनिया में भी भारतीय सौहार्द का संदेश जाएगा।
शनिवार को अयोध्या पर आए फैसले के बाद मथुरा की सांसद हेमामालिनी ने कहा कि ये संयम की घड़ी है। एक अच्छा संदेश देने की घड़ी है। सभी देशवासी शांति बनाए रखें। सदियों पुराने भाईचारे और आपसी विश्वास को और मजबूत करें।
उच्चतम न्यायालय की संविधानिक पीठ ने फैसला दिया है। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत करने का काम करेगा। हेमामालिनी ने कहा कि यह समय देशवासियों की परीक्षा का भी है, जो हमेशा से एक-दूसरे के खुशी और दुख में शामिल होते हैं। एक बार फिर लोगों को आपसी भाईचारे का परिचय देना है।