सांसद हेमा मालिनी ने अधिकारियों से कहा कि केन्द्र सरकार की जो योजनाएं जनपद में संचालित हैं, उसमें किसी भी प्रकार की अड़चन आ रही है तो उन्हें अवगत कराएं। वे उन अड़चनों को दूर कराएंगी।
शनिवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि मथुरा एक पौराणिक एवं धार्मिक नगरी है इसका विकास उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए सभी को मिलकर काम की जरूरत है। धार्मिक नगरी होने के कारण यहां पर दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। मेरी इच्छा है कि श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए यहां थीम पार्क बने।
बैठक में बिजली, पानी, सड़क, स्वच्छता, शौचालय, मॉडल स्कूल, सर्व शिक्षा अभियान, मिड डे मील और साक्षर भारत आदि विकास कार्यों की समीक्षा की गई।
डीएम राजेश कुमार ने आश्वस्त किया कि सब मिलकर जनपद के विकास के लिए पूरी निष्ठा एवं लगन से काम करेंगे। बैठक में विधायक तेजपाल सिंह, पूरन प्रकाश, राजकुमार रावत, विधान परिषद सदस्य लेखराज सिंह, सीडीओ मनीष कुमार वर्मा, पीडी डीआरडीए एके बाजपेयी, डीडीओ उमेश कुमार त्यागी, डीआईओएस भास्कर मिश्र, बीएसए वीरपाल सिंह यादव, डीपीआरओ आरपी यादव आदि उपस्थित रहे।
‘केंद्र से आप, हम राज्य से कराएं सहयोग’
बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों ने सांसद हेमामालिनी से कहा कि महावन में एयरपोर्ट बन जाए तो यह मथुरा के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि होगी। उन्होंने कोसीकलां और गोवर्धन को रेलवे लाइन से जोड़ने की मांग भी उठाई। कहा कि मथुरा के विकास के लिए प्रदेश स्तर पर हम सब लोगों का प्रयास जारी है, लेकिन केन्द्र स्तर पर वे प्रयास कर दें तो मथुरा का विकास तेजी से हो सकता है।
सांसद ने की शहर के लिए प्लानिंग
सांसद हेमामालिनी ने अफसरों के साथ नई योजनाओं पर भी चर्चा की। देर शाम होटल में ही उन्होंने जलनिगम, विद्युत, पीडब्ल्यूडी, नगर पालिका सहित अन्य विभागीय अफसरों से शहर की स्थिति को लेकर नाराजगी जाहिर की। वो टूटी सड़कों को लेकर विद्युत अफसरों से अधिक नाराज दिखीं। इस दौरान फिर पालिका और विद्युत अफसरों ने एक-दूसरे पर आरोप जड़े। पीडब्ल्यूडी और जल निगम के इंजीनियरों से भी शहर के लिए विभिन्न प्रोजेक्ट पर चर्चा की। अफसरों के साथ जनार्दन शर्मा, राजेश सिंह पिंटू, संजय सिंह, संजय गोविल मौजूद रहे।