कोसीकलां। पिछले दिनों हुई बारिश लोगों के लिए आफत बन गई। शहर से लेकर देहात तक सड़कें और अविकसित कॉलोनियां तालाब नजर आ रही हैं कई घरों और दुकानों में पानी भर गया है। जलभराव में बाइक और कारें बंद होने पर उन्हें खींचकर ले जाना पड़ा। किसानों के चेहरों पर चिंता नजर आ रही है।
राजमार्ग के किनारे स्थित नत्थी कॉलोनी, आफीसर्स कॉलोनी, राधा विहार कॉलोनी, कृष्णा विहार, कॉलोनी, 30 फूटा रोड, अग्रवाल कॉलोनी, भगवान नगर, बैंक कॉलोनी समेत अविकसित काॅलोनियों में पानी भर गया। कई घरों और दुकानों में पानी भर गया। पानी से निकलते समय बाइक और कार बंद हो गईं। जिसके कारण लोगों को आने जाने में काफी समस्या उठानी पड़ी।
रेलवे कॉलोनी में पानी की निकासी का कोई साधन नही होने से बारिश का पानी नगर पालिका इंटर कॉलेज के सामने गली में हिलौरें मार रहा है। वहां रहने वाले केपी सिंह, लक्ष्मी चौधरी, अनिल कुमार ने बताया कि बारिश का पानी भरा होने से दैनिक यात्रियों की बाइक भी नहीं खड़ी हो पा रही हैं। कई बार रेलवे अधिकारियों को अवगत कराने के बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
खेतों में बारिश का पानी भरा
गांव बठैनकलां, बठैन खुर्द, कोकिलावन, गिडोह, हुलवाना, सिरथला, गढ़ी बरवारी, कॉमर, दहगांव, लाडपुर, बरका, बुखरारी, खरौट, राजागढ़ी समेत अनेंक ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश का पानी खेतों में हिलौरें मार रहा है। ग्रामीण रामहेत, शिव सिंह, गजेंद्र सिंह, मुरारीलाल, मोहन सिंह, बल्देव सिंह, धर्मेन्द्र रावत ने बताया कि खेतों में पानी भरने से धान एवं कपास की फसल पूरी तरह से नष्ट होने के कगार पर है। पशुओं के लिए चारे की समस्या पैदा हो गई है। पशुओं के चारेे के लिए खेतों पर बनाई गई बुर्जी जलमग्न हो चुकी है। अगर जल्दी पानी की निकासी नही हुई तो धान की फसल नहीं हो सकेगी।
-
सड़क पर भरा दो-दो फीट पानी
गांव राजागढ़ी में मोरकुटी मंदिर से बाईपास मार्ग तक 2-2 फीट मार्ग पानी हिलौरें मार रहा है। ग्रामीणों को गांव की गलियों से गुजरकर जाना पड़ रहा है। ग्रामीण कल्लू, श्याम सिंह, जोगेंद, चेतराम, सत्यभान, खेेमचंद, मुंशीलाल नेे मांग की जलभराव से राहत दिलाने के शेरनगर रजवहा में कच्ची नाली बनाकर निकासी कराई जाए। गावं पंचायत फालैन के नगला मेव को जाने वाला मार्ग बारिश के चलते दलदल में तब्दील हो गया है। ग्रामीण परेशान हैं। बच्चों को कीचड़ से निकल कर जाना पड़ रहा है।