मथुरा के वृंदावन में उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के खिलाफ दायर याचिका पर सोमवार को मथुरा की विशेष एमपी/एमएलए कोर्ट में सुनवाई हुई। यह याचिका कथावाचक कौशल किशोर ठाकुर द्वारा संचालित संस्था सनातन धर्म रक्षापीठ वृंदावन की ओर से दाखिल की गई थी। याचिका में आरोप लगाया गया है कि मंत्री सुरेश खन्ना ने विजिलेंस जांच को प्रभावित करने, भ्रष्टाचारियों को बचाने और भूमाफिया को संरक्षण देने का काम किया है।
कोर्ट ने पूर्व में वृंदावन पुलिस से इस मामले में रिपोर्ट मांगी थी, लेकिन पुलिस द्वारा एफआईआर संख्या 0227 की रिपोर्ट पेश की गई जो किसी अन्य मामले से संबंधित थी। कोर्ट ने इसे गुमराह करने का प्रयास मानते हुए कड़ी नाराजगी जताई और पूछा कि क्या इस याचिका के संबंध में कोई एफआईआर दर्ज की गई है या नहीं? इस पर पुलिस ने एक और एफआईआर पेश की जो एक फर्जी वसीयत से संबंधित थी और फिलहाल उसकी जांच चल रही इससे भी कोर्ट संतुष्ट नहीं हुई।