मथुरा। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण जनपद में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को आई रिपोर्ट में ३०८ नए पॉजिटिव केस मिले हैं।
पहली और दूसरी लहर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा बरती गई सख्ती इस बार दिखाई नहीं दे रही। नवंबर में जनपद में संक्रमितों के सामने आने का सिलसिला शुरू हुआ। वृंदावन में चार विदेशी लोगों के संक्रमित पाए जाने के बाद उनके अपने देश लौट जाने का मामला भी स्वास्थ्य विभाग की इसी ढिलाई का नतीजा रहा।
बुधवार को गोवर्धन, राधाकुंड, छाता, रिफाइनरी नगर, कृष्णा नगर, वृंदावन रमणरेती, एमएच मथुरा, कृष्णापुरम, रानी की मंडी, फरह नगला, महाविद्या कॉलोनी, वृंदावन, मोती कुंज, गोविंद नगर में संक्रमित मिले हैं।
वहीं, लखनऊ, फिरोजाबाद के कई श्रद्धालु भी शामिल हैं, जो यहां दर्शन करने आए थे। कोविड प्रभारी डॉ. भूदेव सिंह ने बताया कि बुधवार को जनपद में 4 हजार से अधिक लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए।
कोरोना से बचने के लिए सावधानी जरूरी
- जहां पर आप रह रहे हैं, वहां साफ-सफाई रहनी चाहिए।
- समय-समय पर सैनिटाइज कराते रहें।
- घर से बाहर निकलें तो मास्क व बाजार में दूरी का ख्याल रखें।
- घर आने पर सबसे पहले हाथ सैनिटाइज करें, इसके बाद कपड़ों को अलग रखकर उन्हें गर्म पानी से धुलें।
- घर में अगर बच्चे हैं, तो उनको किसी भी व्यक्ति से दूर रखें।
- अनुनय झा, नगर आयुक्त