नौहझील। क्षेत्र के कस्बा बाजना में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब बिजलीघर के पास स्थित श्मशान घाट पर ट्रैक्टर से आए कुछ लोगों द्वारा एक अज्ञात व्यक्ति के शव का आनन-फानन में अंतिम संस्कार कर दिया गया। प्रक्रिया में बरती गई जल्दबाजी और व्यक्तियों के तुरंत मौके से चले जाने के कारण ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं और क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस ने बाद में स्थिति को स्पष्ट किया।
ग्रामीणों के अनुसार, शाम के समय एक ट्रैक्टर में चार व्यक्ति एक शव को लेकर श्मशान घाट पहुंचे। वहां उन्होंने बिना किसी रिति-रिवाज के जल्दबाजी में शव को मुखाग्नि दी और देखते ही देखते वहां से निकल गए। इस असामान्य घटनाक्रम को देखकर स्थानीय लोगों में हड़कंप का माहौल बन गया। इलाके में चर्चाएं तेज हो गईं। इस बीच पुलिस ने बताया कि आजनौंठ में करीब 20 साल से एक बुजुर्ग रह रहे थे। मानसिक रूप से कमजोर भी थे। मंगलवार को उनका निधन हो गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों द्वारा ही पुलिस को सूचना दी गई थी, जिसके बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई। बुजुर्ग का कोई सगा-संबंधी नहीं था और न ही किसी को उनका नाम या स्थायी पता ज्ञात था। इसलिए ग्रामीणों ने ही उनका अंतिम संस्कार किया गया।