मथुरा। जिले में परिषदीय विद्यालयों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 10 दिसंबर से शुरू होंगी। शिक्षा विभाग और विद्यालय प्रबंधन परीक्षा की तैयारियों में जुट गए हैं। कक्षा एक से लेकर आठ तक के बच्चों के लिए होने वाली इस परीक्षा को निर्बाध व पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने बताया कि जिले में बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता को आंकने के लिए 10 से 15 दिसंबर तक परिषदीय विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं होगी। इसके लिए परीक्षा केंद्रों की सूची तैयार कर ली गई है तथा प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण हेतु अलग से व्यवस्था बनाई गई है। शिक्षक-शिक्षामित्रों को आवश्यक दिशा–निर्देश भेजे जा चुके हैं। विद्यालयों में बैठने की व्यवस्था, उत्तर पुस्तिकाओं का प्रबंधन और समय सारिणी को अंतिम रूप दिया जा चुका है। परीक्षाओं की निगरानी और समय पर मूल्यांकन की व्यवस्था रहेगी, ताकि विंटर ब्रेक से पहले ही परिणाम तैयार किए जा सकें।
परीक्षाएं शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी बीईओ को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, विद्यालयों को साफ-सफाई, बिजली, पानी और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।