मथुरा। अक्षयपात्र में हैलीपैड की मरम्मत करते लोकनिर्माण विभाग के कर्मचारी।
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन (मथुरा)। तीर्थनगरी में 28 नवंबर के देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद व प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और इनसे एक दिन पहले 27 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आ रहे हैं। इन्हें लेकर जिला प्रशासन के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग द्वारा अक्षयपात्र में पूर्व में बने चार हैलीपैड की मरम्मत का कार्य करा रहा है।
वृंदावन के रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल के एक ब्लॉक का उद्घाटन करने 28 नवंबर को आ रहे राष्ट्रपति व प्रदेश की राज्यपाल के हैलीकॉप्टरों के उतरने के लिए अक्षयपात्र में 4 हैलीपैड तैयार किए जा रहे हैं। यह हैलीपैड गत 11 फरवरी को आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए विभाग द्वारा बनाए गए थे। रखरखाव के अभाव में इन हैलीपैड की स्थिति खस्ताहाल हो गई। लोकनिर्माण विभाग चार हैलीपैड स्थलों का सुधार कार्य और उनका पहुंच मार्ग बनाने का कार्य कर रहा है।
लोकनिर्माण विभाग के एई हरिओम शर्मा का कहना है कि नगर में 28 नवंबर को आ रहे वीवीआईपी के लिए विभाग द्वारा हैलीपैड और पहुंच मार्ग को तैयार किया जा रहा है। तैयार हो जाने के बाद जिस तरह के हैलीकॉप्टर में वीवीआईपी आएंगे उसी तरह के हैलीकॉप्टरों से ट्रायल भी किया जाएगा।