मथुरा। ट्रेनों में लूटपाट करने वाले सतीश गुर्जर गैंग के सरगना समेत तीन को जीआरपी ने शनिवार को गिरफ्तार किया था। अब जीआरपी इस गैंग की कुंडली खंगालने में जुट गई है। मथुरा में पहले भी यह गैंग ट्रेनों में दो बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुका है।
शनिवार को जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक यादराम सिंह के नेतृत्व में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में सतीश गुर्जर उसके साथी श्याम सिंह और जावेद अली उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से यात्रियों से लूटे गए जेवरात के अलावा देसी तमंचा और कारतूस बरामद हुए थे। सतीश गुर्जर गैंग ने 28 अक्तूबर 2014 को मेवाड़ एक्सप्रेस में फरह के पास लूट की थी। ट्रेन में असलहों के बल पर यात्रियों से लाखों रुपये के जेवरात लूट लिए थे। 3 जनवरी 2015 को जीआरपी ने वारदात का खुलासा करते हुए सतीश गुर्जर व गैंग के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार किया था।
जीआरपी के अनुसार इसके बाद भी सतीश गुर्जर नहीं रुका। 3 अगस्त 2019 को वृंदावन रोड स्टेशन के पास त्रिवेंद्रम एक्सप्रेस में लूट की वारदात को अंजाम दिया। लूट का विरोध करने पर ट्रेन के स्लीपर कोच से पश्चिम बंगाल निवासी मां बेटी मीना सुपन और मनीषा सुपन को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया था, जिसमें दोनों की मौत हो गई थी। जीआरपी ने 7 अगस्त 2019 को इस घटना का खुलासा कर गैंग के सदस्यों को जेल भेजा था। अब एक बार फिर चेकिंग के दौरान सतीश गुर्जर और उसके साथी जीआरपी ने गिरफ्तार किए हैं। ऐसे में जीआरपी गहराई से उनकी कुंडली खंगाल रही है। साथ ही गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश भी की जा रही है। जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि इसके लिए एक विशेष टीम गठित की गई है।