मथुरा। वृंदावन में समाजवादी पार्टी के महानगर कार्यकर्ता सम्मेलन में मंगलवार को सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव के सामने ही जिला और महानगर कार्यकारिणी की गुटबाजी खुलकर सामने आई। यहां तक की जिलाध्यक्ष का फोटो तक कार्यक्रम के मुख्य पोस्टर से गायब कर दिया गया। उनको मंच पर पीछे स्थान दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के स्वागत व उनके साथ फोटो खिंचवाने को लेकर भी कार्यकर्ताओं में नाराजगी हो गई और कुछ लोग सम्मेलन को छोड़कर जाने लगे। हालांकि उनको किसी प्रकार से समझाया गया। इस पूरे प्रकरण को देखने के बाद रामगोपाल ने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि वह अनुशासन में रहें, वरना पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा।
सपा के इस कार्यक्रम को लेकर जिला और महानगर की कार्यकारिणी में दो दिन से गुटबाजी चल रही थी। महानगर टीम पूरी तरह से इस कार्यक्रम को अपने पाले में करना चाहती थी। वहीं, जिले की टीम अपनी भूमिका भी सक्रिय तौर पर चाहती थी।
सोमवार शाम इसको लेकर कई नेताओं की तकरार भी हो गई। रही सही कसर मंगलवार को आयोजन स्थल पर तब पूरी हो गई, जब जिलाध्यक्ष ठाकुर अजीत सिंह का फोटो मुख्य पोस्टरों से ही गायब कर दिया गया और उनको मंच पर पीछे स्थान दिया गया। इससे नाराज जिले की टीम कार्यक्रम को छोड़ चली गई। वहीं, मथुरा-वृंदावन विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष पवन चौधरी की प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को लेकर तकरार हो गई। वह कार्यक्रम से जाने लगे तो उनको मनाकर बुलाया गया और मंच पर स्थान दिया गया।
सपा देती है प्रत्येक कार्यकर्ता को रिस्क कवर
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने पार्टी के सदस्यता पर जोर दिया। संगठन को मजबूत करने के लिए अधिकाधिक लोगों से प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कराएं, तभी आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा का मुकाबला कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि सपा की सदस्यता पाना जीवन को रिस्क कवर देना है, जिस तरह से बीमा योजना लोगों की रिस्क कवर करता है। उसी तरह समाजवादी पार्टी भी प्रत्येक कार्यकर्ता की बीमारी या परिवार में होने वाली परेशानी में धन से भी मदद करेगी।सम्मेलन में महानगर अध्यक्ष रितु गोयल, महासचिव अभिषेक यादव, जिला अध्यक्ष ठा. अजीत सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष ठा. किशन सिंह, पूर्व कोषाध्यक्ष मनोज गोयल, वरिष्ठ नेता शिवकुमार यादव, नारायण दास यादव, वल्लभ कुशवाहा, हाजी फारूक आदि मौजूद रहे।
पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ ने किया स्वागत
समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय महासचिव का स्वागत किया। साथ ही महात्मा ज्योतिराव फुले का चित्र भेंट किया। इस दौरान पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रमेश सैनी, डॉ. राजकुमार तेरिया, अनिल निषाद, राज गब्बर, कैलाश निषाद, आकाश सैनी, ओमपाल सैनी, भगवान सिंह सैनी, बलवीर सैनी आदि मौजूद रहे।
स्वर्णकार समाज ने भेंट किया चांदी का धनुष: सपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा ने राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव को चांदी का धनुष भेंट किया। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम को स्वर्णकार समाज के शोषण के संबंध में बताया और स्वर्णकार बोर्ड के गठन की मांग की।