प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को यमुना पूजन कर श्रीद्वारिकाधीश मंदिर में दर्शन किए। उनके काफिले के गुजरते वक्त विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा का कड़ा पहरा रहा। आम लोगों का आवागमन रोक दिया गया।
राज्यपाल सोमवार को उत्तर प्रदेश पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशुचिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान के 11वें दीक्षांत समारोह में आईं थीं। समारोह के बाद उन्होंने शाम के वक्त विश्राम घाट पर यमुना का विधिविधान पूर्वक पूजन किया। यहां राज्यपाल का माथुर चतुर्वेद परिषद के मुख्य संरक्षक एवं अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश पाठक ने शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया। साथ ही मां यमुना की छवि भेंट की।
प्रसाद के रूप में यमुना जी के कुनवारे का प्रसाद भी प्रदान किया। तदोपरांत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के मंदिर ठाकुर श्रीद्वारिकाधीश के दर्शन किए। मंदिर में प्रवेश द्वार पर मंदिर के विद्यालय प्राचार्य सहदेव व उनके साथियों ने स्वस्तिवाचन पाठ किया। उन्हें मंदिर के इतिहास से अवगत कराया। मंदिर अधिकारी लक्ष्मण प्रसाद पाठक ने राज्यपाल का स्वागत किया और दर्शन उपरांत ठाकुरजी का प्रसाद भेंट किया। इस दौरान राज्यपाल के आगमन से जुड़े सभी रास्तों पर पुलिस तैनात रही। आम वाहनों को इस समय रोक दिया गया। मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि राज्यपाल को यमुना पूजन के दौरान ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा और यमुना की स्थिति सहित मंदिरों को सरकारी अधिग्रहण से मुक्त करने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया गया है।