गोवर्धन। जतीपुरा-परिक्रमा मार्ग स्थित लोहाना गेस्ट हाउस में संत कन्हैया बाबा व बृजेश मुखिया ने मंत्रोच्चारण के बीच पूजन कर गोरथ एंबुलेंस का उद्घाटन किया।
ट्रस्ट के सदस्य श्रेयस कुमार ने बताया कि मोबाइल एंबुलेंस सूचना पर ब्रज में हर जगह खुले घूम रहे दिव्यांग गोवंश के उपचार के लिए राधाकुंड स्थित सुरभि गोशाला के अस्पताल पहुंचाने का कार्य करेगी। गो सेवा कार्य निरंतर जारी है। निरंतर सेवा करते हुए 4 वर्ष में कई उतार-चढ़ाव देखे। कभी-कभी वाहन के इंतजार में कई घंटे भी खड़ा रहना पड़ता था। इस अभाव में कई बार गोवंश व पीड़ित जीव अस्पताल तक नहीं पहुंच पाता था, जिससे उनकी मृत्यु हो जाती थी।
इसीलिए भक्ति सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट एवं गिरिराज सेवा फाउंडेशन के सहयोग से यह एंबुलेंस उपलब्धता के आधार पर ब्रज क्षेत्र में हर समय तैयार रहेगी। ट्रस्ट के अध्यक्ष नरोत्तम दास गुजराती, गोरक्षा दल के अध्यक्ष नीटू सिंह, श्रेयस कुमार, शिशिर कुमार, वंशी, गिरधारी मुखिया, सखी आशिक छंगानी, विकास पंडित, शैलेंद्र, भगत सिंह, अमरेश आदि मौजूद रहे।