गोवर्धन (मथुरा)। भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप में विराजमान गिरिराज जी के करोड़ों भक्त हैं। गिरिराज जी की श्रद्धालु परिक्रमा व दंडवती करते हैं। कोरोना संक्रमण के कारण इस बार मुड़िया पूर्णिमा मेला निरस्त होने से गिरिराज जी की परिक्रमा बंद रहेगी। प्रशासन ने गोवर्धन पहुंचने वाली सभी सीमाओं को सील कर दिया है।
मेला क्षेत्र में पुलिस की तैनाती बुधवार से हो जाएगी। परिक्रमा में वाहनों के प्रवेश पर रोक है। गिरिराज जी के प्रमुख मंदिरों के पट बंद हैं। गोवर्धन के संत, सेवायत व मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों ने भक्तों से न आने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि गिरिराज जी की भक्ति में मन से घर बैठे परिक्रमा लगाएं।
कोरोना महामारी के चलते मुड़िया पूर्णिमा मेला प्रशासन ने निरस्त कर दिया है। गिरिराज जी के भक्त घर में ही मन से गिरिराज जी की परिक्रमा लगाएं और इस बीमारी से मुक्ति के लिए प्रार्थना करें।
- महामंडलेश्वर सांवरिया बाबा
कोरोना संक्रमण के चलते मंदिरों के पट बंद हैं। मुड़िया मेला में भीड़ का आवागमन होने से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ सकता था। अब सभी भक्तों से घर ही रहने का अनुरोध किया है।
- महेश पंडित, मुनीम, मुखारविंद मंदिर जतीपुरा
कोरोना संक्रमण काल में मंदिर 8 जुलाई तक बंद है। मंदिर के पट बंद होने से श्रद्धालुओं का न तो दूध चढ़ेगा और न ही पूजा हो पाएगी। इसलिए प्रशासन द्वारा दिशा-निर्देशों का पालन करें।
- रमाकांत गोस्वामी, रिसीवर, दसविसा मानसी गंगा मुकुट मुखारविंद मंदिर
गिरिराज जी भक्त परिक्रमा लगाने को लालायित हैं, लेकिन उन्होंने भक्तों से घर में ही रहने का अनुरोध किया है। क्योंकि मुड़िया पूर्णिमा मेला इस बार निरस्त कर दिया गया है।
- मथुरा दास कौशिक, सेवाधिकारी, दानघाटी गिरिराज जी मंदिर
गुरु पूर्णिमा पर हजारों शिष्य अपने-अपने गुरुओं की पूजा करने आतेे हैं। कोरोना संकट में गुरुजन शिष्यों से घर में रहने के लिए कहें। गिरिराज जी की परिक्रमा तीर्थ स्थलों का नाम लेकर मन से लगाएं।
- हरिदास सोमदत्त दीक्षित ठाकुर, भागवताचार्य
--------
भीड़ रोकने की तैयारियों को दिया अंतिम रूप
गोवर्धन। मुड़िया पूर्णिमा मेला क्षेत्र की बुधवार से सीमाएं सील हो जाएंगी। बाहरी व्यक्तियों व उनके वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा। कस्बा व परिक्रमा मार्ग से जुड़े गांवों के लोग ही अपना पास व पहचान पत्र दिखा कर बैरियर पार कर पाएंगे।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने निरीक्षण कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। एसडीएम राहुल यादव ने बताया कि मुड़िया मेला निरस्त होने के बाद लोगों का सहयोग अपेक्षित है। कोरोना के चलते लोग अपने घरों में सुरक्षित व स्वस्थ रहें। सीओ जितेंद्र कुमार, प्रभारी निरीक्षक लोकेश सिंह भाटी, अड़ींग चौकी प्रभारी दिलीप कुमार आदि थे।