मथुरा। शहर कोतवाली की चंदा कॉलोनी में शुक्रवार शाम ऑक्सीजन सिलिंडर फटने से एक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस घायलों को लेकर अलग-अगल अस्पताल पहुंची। यहां से उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया।
कोतवाली प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर ने बताया कि बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज रोड स्थित चंदा कॉलोनी में थाना रिफाइनरी के गांव भाहई निवासी रामवीर सिंह का मकान है। मकान के बराबर में ही उनका ऑक्सीजन सिलिंडर रखने का गोदाम है। शुक्रवार शाम पांच बजे के करीब जोरदार आवाज के साथ सिलिंडर फट गया। सिलिंडर फटने के कारण जिला मिर्जापुर निवासी दीपक (30) पुत्र प्रभाकर मिश्रा की मौत हो गई, जबकि दुकान के सामने से निकलते स्थानीय निवासी सतीश पंडित और फरह निवासी जीतू गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया कि प्रभात नगर निवासी सतीश ड्राइवरी का काम करता है। फरह निवासी जीतू के हाथ और पैर में गंभीर चोट लगी है। पुलिस सतीश को डीएस हॉस्पिटल लेकर गई, जबकि जीतू को मथुरा न्यूरो हॉस्पिटल में भर्ती कराया। यहां से जीतू की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आगरा रेफर कर दिया।
घनी आबादी में ऑक्सीजन सिलिंडर का गोदाम होने पर स्थानीय लोगों में रोष था। सीओ सिटी भूषण वर्मा मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जानकारी का प्रयास किया, लेकिन दुकान स्वामी मौके पर नहीं मिला। मकान के अंदर जो लोग मिले वह खुद को किराएदार बताकर बचते दिखाई दिए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।