मथुरा। स्वास्थ्य विभाग टीबी मुक्त भारत अभियान की सफलता के लिए जनप्रतिनिधियों का सहयोग ले रहा है। उनके माध्यम से वह आम जनता को टीबी की बीमारी के प्रति जागरुक कर रहा है।
प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार खांसी, बुखार, वजन घटना या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में जाकर निःशुल्क जांच करानी चाहिए। टीबी एक गंभीर लेकिन इलाज योग्य बीमारी है। समय पर पहचान और नियमित उपचार से मरीज स्वस्थ हो सकता है।
उन्होंने विधायकों, ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जागरुकता फैलाएं और संदिग्ध लक्षण वाले लोगों को जांच के लिए प्रेरित करें। सामूहिक प्रयासों से ही इस बीमारी को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।