मथुरा। उत्तर प्रदेश पं. दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान में पहली बार विश्वविद्यालय स्तर पर नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए तीन दिवसीय तरंग-2026 का आयोजन हुआ। 24 से 26 सितंबर तक चले इस कार्यक्रम में चारों संघटक महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
समारोह की अध्यक्षता कुलपति एवं मुख्य अतिथि डॉ. अभिजित मित्र ने की। राष्ट्रीय गीत के बाद पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन महाविद्यालय, जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, डेयरी प्रौद्योगिकी महाविद्यालय तथा मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कुलपति डॉ. अभिजित मित्र ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं। इसमें 25 सितंबर को जैव प्रौद्योगिकी एवं डेयरी प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियां दीं।
दोनों महाविद्यालयों के अधिष्ठाताओं ने विद्यार्थियों को संबोधित कर प्रोत्साहित किया। 26 सितंबर को पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन तथा मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। संबंधित अधिष्ठाताओं ने उनकी सराहना की। समापन समारोह में मिस्टर फ्रेशर-2026 अविरल अग्निहोत्री एवं मिस फ्रेशर-2026 ब्रह्मलीन कौर का चयन एवं सम्मान हुआ। कुलपति डॉ. अभिजित मित्र ने चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित किया। धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। तरंग-2026 ने चारों महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को साझा मंच प्रदान किया।