मथुरा। चार दिन से लापता 16 वर्षीय किशोरी का शव रविवार सुबह घर के सामने शांतनु कुंड में मिला। शव को उतराता देख लोगों ने इसकी पुलिस को सूचना दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार दो दिन पहले किशोरी की मौत गले की हड्डी टूटने से हुई थी। दुष्कर्म की आंशका पर स्लाइड जांच के लिए भेज दी गई है। वहीं, तहरीर मिलने के बाद भी लापरवाही बरतने पर चाैकी प्रभारी पर भी कार्रवाई की गई है।
हाईवे थाना क्षेत्र निवासी 16 वर्षीय किशोरी बृहस्पतिवार से लापता थी। रविवार सुबह करीब 7:00 सात बजे पूजा करने पहुंचे लोगों को कुंड में एक शव उतराता दिखाई दिया। जानकारी होने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए और कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान की। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के साथ शव को कुंड से बाहर निकाला। परिजन ने बताया कि उनकी बेटी बृहस्पतिवार से लापता थी। आसपास तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं लगा तो थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी थी। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का कारण गले की हड्डी टूटना आया है। किशोरी की मौत दो दिन पहले हो गई थी। दुष्कर्म की आशंका होने पर स्लाइड को जांच के लिए भेजा गया है। इसके अलावा काम में लापरवाही बरतने पर चाैकी प्रभारी पर कार्रवाई की गई है।