मथुरा। नगर निगम ने बड़े बकायदारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। एक लाख रुपये से अधिक के तीन सौ बकायदारों को नोटिस भेजकर राशि जमा कराने को कहा, लेकिन लोगों ने गृहकर व जलकर जमा नहीं कराया। बुधवार को निगम की टीम ने चार बकायेदारों के भवन सील किए हैं।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी नरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि बकायेदारों को 31 जनवरी तक विशेष छूट के साथ गृहकर व जलकर जमा कराने के लिए नोटिस जारी किए थे। बुधवार को सौंख रोड स्थित सतीशचंद अग्रवाल पर 95.67 हजार रुपये, धर्मेंद्र पर 95.35 हजार रुपये, कैला देवी पर 1.81 लाख रुपये और गिरधरलाल परमानंद पर 1.13 लाख रुपये बकाया होने पर चारों के भवन सील किए गए हैं। कार्रवाई से बचने के लिए तीन लोगों ने कर की आधी-आधी रकम का चेक दिया है। एक बकायेदार ने एक लाख रुपये जमा कराए हैं। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने कहा कि 31 जनवरी के बाद कर के साथ ब्याज की वसूली की जाएगी।