पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 7 से 9 अगस्त तक तीन दिवसीय आध्यात्मिक प्रवास पर वृंदावन आएंगे और बांकेबिहारी, प्रेम मंदिर, राधारमण मंदिर, निधिवन समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन करेंगे। प्रवास के दौरान वह रुक्मिणी विहार स्थित सिग्नेचर वृंदावन धाम का उद्घाटन भी करेंगे; उनके दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आगामी 7 से 9 अगस्त तकह तीन दिवसीय आध्यात्मिक प्रवास पर श्रीधाम वृंदावन आएंगे। अपने प्रवास के दौरान वह ब्रज के प्रमुख मंदिरों, आश्रमों और धार्मिक स्थलों में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके साथ ही रुक्मिणी विहार स्थित एक आश्रम के उद्घाटन करेंगे। उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित संस्थाओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
विज्ञापन
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूर्व राष्ट्रपति 7 अगस्त को सुबह 9:30 बजे नई दिल्ली स्थित 12 जनपथ से सड़क मार्ग द्वारा रवाना होंगे। जेवर टोल प्लाजा पर संक्षिप्त विश्राम के बाद दोपहर करीब 12 बजे वृंदावन स्थित विवांता होटल पहुंचेंगे। यहां दोपहर का भोजन और विश्राम करने के बाद शाम छह बजे श्री बांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगे। करीब 40 मिनट मंदिर में प्रवास के बाद वह प्रेम मंदिर जाएंगे जहां दर्शन करेंगे। इसके बाद धनुका आश्रम पहुंचकर आयोजित भव्य रासलीला का अवलोकन करेंगे तथा वहीं रात्रिभोज के बाद विवांता होटल लौटकर रात्रि विश्राम करेंगे।
दूसरे दिन 8 अगस्त को सुबह होटल से रामकृष्ण मिशन पहुंचेंगे और वहां संतों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद रुक्मिणी विहार स्थित सिग्नेचर वृंदावन धाम पहुंचकर धाम का विधिवत उद्घाटन करेंगे। दोपहर में विश्राम के बाद शाम चार बजे आयोजित रामकथा में शामिल होंगे। कथा के उपरांत पुराने इस्कॉन मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करेंगे।
विज्ञापन
प्रवास के अंतिम दिन 9 अगस्त को सुबह होटल से व्यजयंती आश्रम एवं पुंडरीक महाराज आश्रम पहुंचेंगे। यहां से वह श्रीराधारमण मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद ब्रज के अत्यंत पावन एवं ऐतिहासिक स्थल निधिवन और सेवा कुंज का भ्रमण करेंगे। दोपहर का भोजन सिग्नेचर वृंदावन धाम में करने के पश्चात शाम चार बजे सड़क मार्ग से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। पूर्व राष्ट्रपति के साथ उनकी पत्नी सविता कोविंद, पुत्री स्वाति कोविंद भी साथ रहेंगी।